Q1. [5]
जलवायु परिवर्तन के दौर में गरमी का बढ़ता प्रकोप अनेक चिंताएँ उत्पन्न कर रहा है । भूमि के सभी क्षेत्र गरमी के प्रकोप से समान रूप से प्रभावित नहीं होते हैं । जहाँ अधिक हरियाली है, पेड़ हैं, वहाँ गरमी की मार अपेक्षाकृत कम है, जहाँ पूरा क्षेत्र सीमेंट-कंक्रीट के निर्माणों और सड़कों से भरा पड़ा है, वहाँ गरमी अधिक होती है । प्रायः किसी भी शहर के लिए एक ही तापमान बताया जाता है, पर वास्तव में एक ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों के तापमान में बहुत अंतर होता है । 10 डिग्री सेल्सियस या उससे भी अधिक का अंतर एक ही महानगर या बड़े शहर के भीतर देखा जा सकता है । वृद्ध और पहले से कमज़ोर स्वास्थ्य के लोगों पर चरम गरमी के दिनों में विशेष ध्यान देने की जरूरत है । गरमी के प्रकोप से उन लोगों की स्थिति और बिगड़ सकती है, जो पहले से साँस व हृदय संबंधी समस्याओं से त्रस्त हैं ।
पर्यावरणविदों के अनुसार, शहरों में अधिक तापमान के कुछ प्रमुख कारण इस प्रकार हैं । आधुनिक शहरों का आकार-प्रकार वायु के बहाव के हिसाब से ठीक नहीं है । गाँव में हवा रुकती नहीं है, लेकिन शहरों में ऊँची इमारतों की वजह से हवा रुकती है और बेचैनी बढ़ती है । शहर रेगिस्तान की तरह होने लगे हैं । कई जगहों पर किसी वनस्पति का नामोनिशान नहीं होता है, ऐसे इलाकों पर बारिश भी बेअसर होती है । वाष्पीकरण कम होता है और गरमी बढ़ जाती है । शहरों में मानव-जनित ऊष्मा भी बहुत बढ़ गई है । पेट्रोलियम पदार्थों के अधिकतम उपयोग से भी शहरी तापमान बढ़ रहा है । गरमी के प्रकोप को कम करने के लिए बसावट सुधारने से हरियाली बढ़ाने तक बहुत काम हैं, जो हमें करने चाहिए । स्थानीय प्रजाति के वृक्षों की संख्या बढ़ाने तथा परंपरागत जलस्रोतों की रक्षा पर ध्यान देना चाहिए ।
निम्नलिखित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर पूछे गए प्रश्नों के लिए सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर वाले विकल्प चुनकर लिखिए :
- (i) शहरी क्षेत्रों में अधिक तापमान का क्या कारण है ?
- (a) शहरों में बहुमंज़िला इमारतों का होना
- (b) शहरों में पक्की सड़कों का जाल होना
- (c) शहरों में हरियाली का असमान रूप में पाया जाना
- (d) शहरों में सीमेंट-कंक्रीट के निर्माण का अधिक होना
- (ii) शहरी क्षेत्रों में असमान तापमान का क्या कारण है ?
- (a) हरियाली की तुलना में सीमेंट-कंक्रीट का अधिक होना
- (b) हरियाली की तुलना में सीमेंट-कंक्रीट के निर्माण का अधिक होना
- (c) शहरों में हरियाली का असमान अनुपात
- (d) शहरों में हरियाली का कम होना
- (iii) गरमी के प्रकोप से किन लोगों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है ?
- (a) कमज़ोर लोगों पर
- (b) वृद्ध लोगों पर
- (c) वृद्ध व कमज़ोर स्वास्थ्य के लोगों पर
- (d) साँस व हृदय संबंधी समस्याओं से ग्रसित लोगों पर
- (iv) परंपरागत जलस्रोतों का उचित विकल्प है :
- (a) कुआँ, पोखर, नलकूप
- (b) कुआँ, हैंडपंप, पोखर
- (c) कुआँ, तालाब, नलकूप
- (d) कुआँ, तालाब, बावड़ी
- (v) निम्नलिखित कथन (A) तथा कारण (R) को ध्यानपूर्वक पढ़िए । उसके बाद दिए गए विकल्पों में से कोई एक सही विकल्प चुनकर लिखिए ।
कथन (A) : गाँव में हवा रुकती नहीं है, लेकिन शहरों में हवा रुकती है ।
कारण (R) : आधुनिक शहरों का आकार-प्रकार वायु के बहाव के हिसाब से ठीक नहीं है ।
- (a) कथन (A) तथा कारण (R) दोनों ग़लत हैं ।
- (b) कथन (A) ग़लत है, लेकिन कारण (R) सही है ।
- (c) कथन (A) सही है, लेकिन कारण (R), कथन (A) की ग़लत व्याख्या करता है ।
- (d) कथन (A) तथा कारण (R) दोनों सही हैं तथा कारण (R), कथन (A) की सही व्याख्या करता है ।
Previously asked in CBSE board exam
2023 4/5/1 Q1
Generated by claude-sonnet-4-6 · 2026-06-15 07:21 · grounding stimulus
Model Answer
(i) (d) शहरों में सीमेंट-कंक्रीट के निर्माण का अधिक होना
(ii) (c) शहरों में हरियाली का असमान अनुपात
(iii) (c) वृद्ध व कमज़ोर स्वास्थ्य के लोगों पर
(iv) (d) कुआँ, तालाब, बावड़ी
(v) (d) कथन (A) तथा कारण (R) दोनों सही हैं तथा कारण (R), कथन (A) की सही व्याख्या करता है ।
---
Explanation
- (i) गद्यांश स्पष्ट करता है कि सीमेंट-कंक्रीट अधिक होने पर गरमी अधिक होती है। विकल्प (d) सबसे सटीक कारण है।
- (ii) एक ही शहर में तापमान का अंतर हरियाली के असमान अनुपात के कारण होता है — जहाँ हरियाली कम, वहाँ गरमी अधिक।
- (iii) गद्यांश में "वृद्ध और पहले से कमज़ोर स्वास्थ्य के लोगों" पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई है; (c) दोनों को सम्मिलित करता है।
- (iv) परंपरागत जलस्रोत — जो पुरानी भारतीय जल-संग्रह प्रणाली से जुड़े हों — में कुआँ, तालाब और बावड़ी आते हैं। नलकूप/हैंडपंप आधुनिक साधन हैं।
- (v) कथन (A) सत्य है (ऊँची इमारतों से हवा रुकती है) और कारण (R) उसकी सही व्याख्या करता है (शहरों का आकार-प्रकार वायु-बहाव के अनुकूल नहीं)।
If a question refers to an image, map, graph or diagram that is not shown here, find the actual CBSE question paper on the CBSE website:
cbse.gov.in.